कटनी, / जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने मदिरा दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब सेवन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच प्रकरण दर्ज किए हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मंशाराम उइके के नेतृत्व में टीम ने बरगवां, झर्रा टिकुरिया एवं पुरैनी स्थित मदिरा दुकानों के आसपास संचालित अंडे के ठेलों और अन्य दुकानों की जांच की। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन स्थानों पर अवैध रूप से लोगों को शराब पिलाई जा रही है।
जांच के दौरान शिकायतें सही पाई गईं। टीम ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 36(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल पांच प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सूर्यभान कोरी, प्रवीण रतन वरकड़े तथा आबकारी आरक्षक राम सिंह, अनुराग शर्मा, किशन लाल, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी एवं बीना की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा एवं उससे जुड़ी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


