कटनी (3 जुलाई)- *”महिलाओं के कानूनी अधिकार”*- एक विशेष मार्गदर्शिका जो खास रूप से महिलाओं की सुरक्षा एवं उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करती हुई का विमोचन बहोरीबंद के विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे उपस्थित जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत बड़गांव में किया गया। विधायक श्री पांडे ने उपस्थित महिलाओं के विशाल समूह से अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत रहने पुस्तिका को पढ़कर अपने अधिकारों का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि पंचायत राज संचालनालय मध्यप्रदेश एवं ट्रांसफॉर्मिंग रूरल इंडिया फाउंडेशन (TRIF) के संयुक्त तत्वाधान में पुस्तिका को प्रकाशित किया गया था। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने बताया कि यह बहुउद्देशीय पुस्तिका अत्यंत उपयोगी एवं लाभदायक है। भेदभाव एवं हिंसा से प्रताड़ित महिलाओं हेतु पंचायत को फर्स्ट रिस्पांडर के रूप में सुदृढ़ करना आवश्यक है। सुश्री कौर बताती हैं कि सरल भाषा में लिखी गई महिलाओं के कानूनी अधिकार विशेष मार्गदर्शिका में महिलाओं से संबंधित प्रमुख कानूनो का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों, ग्राम रोजगार सहायक, स्व सहायता समूह एवं अन्य समुदाय स्तरीय संस्थाओं तथा फ्रंटलाइन वर्कर्स की महिला के अधिकारों एवं सुरक्षात्मक कानून के संबंध में व्यावहारिक जानकारी होना चाहिए। इस पुस्तिका की सहायता से न्याय तक पहुंच सुगम होगी। सुश्री कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित लिंक के माध्यम से पुस्तिका की ई-प्रति को प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं जनपद पंचायत स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
*मार्गदर्शिका में कानूनी अधिकारों की जानकारी*
*”महिलाओं के कानूनी अधिकार”*- एक विशेष मार्गदर्शिका में दहेज प्रतिषेध नियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध नियम 2006, महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम 1986,, प्रसूति प्रसुविधा अधिनियम 1961, विशेष विवाह अधिनियम 1954, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, महिला कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष अधिनियम) 2013, भारतीय न्याय संहिता और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के संबंध में सहज भाषा में जानकारी दी गई है।


