दिनांक 30 जून 2026 को कटनी पुलिस विभाग में दीर्घकालीन सेवाएं प्रदान करने वाले कटनी पुलिस के 04 अधिकारी उनि श्री चिंतामणि बिजौरिया, कार्यवाहक सउनि श्री रामाधार चौधरी, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक श्री बहोरीलाल तंतुवाय, सहायक उप निरीक्षक (रेडियो) सुरेश यादव के सेवा-निवृत्ति अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस विभाग कटनी के दोनों अधिकारियों द्वारा अपने सेवाकाल के दौरान विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान की गईं।
दिनांक 30 जून 2026 को अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर चारों अधिकारी एवं कर्मचारी सेवा-निवृत्त हुए। सेवा-निवृत्ति के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की जाकर उनके परिजनों से सौहार्दपूर्ण चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा द्वारा अपने उद्बोधन में बताया गया कि सेवानिवृत्त हो रहेसभी अधिकारियों के पुलिस सेवा में अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता सर्वोपरि है तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवाएं विभाग के लिए सदैव अनुकरणीय रहेंगी।
सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य , डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, सूबेदार अंजू लकड़ा सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टॉफ एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


