MP NEWS CAST मनीष गौतम
कटनी। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना किसानों की आर्थिक सहायता के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। हालांकि, कटनी जिले के एक पात्र किसान ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय से दोनों योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
किसान के अनुसार, उसे 3 अगस्त 2025 को अंतिम बार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त प्राप्त हुई थी। इसके बाद से न तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि उसके खाते में आई और न ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ मिला।
समस्या के समाधान के लिए किसान ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक 31133787 दर्ज कराई, लेकिन उसका संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ। इसके बाद उसने दोबारा शिकायत क्रमांक 36904779 दर्ज कराई, किंतु इस शिकायत पर भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
किसान का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से उसे न तो स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही समस्या का समाधान किया गया, जिससे वह आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा है।
किसान ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उसके मामले की निष्पक्ष जांच कर लंबित सम्मान निधि की राशि शीघ्र जारी की जाए। साथ ही, यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग किसान की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेकर उसके मामले का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करता है या नहीं।


