कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रशासन की मूल जिम्मेदारी नागरिकों को आधारभूत सुविधाएं सहज, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को अपने दायित्वों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहना होगा।
कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि खाद-बीज वितरण, संबल योजना, पेंशन, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं सीधे आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। इनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। उन्होंने यह निर्देश सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में दिये।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नॉन-अटेंडेड प्रकरणों पर सख्ती
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नॉन-अटेंडेड प्रकरणों पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही वन, खनिज, श्रम, सामाजिक न्याय, पीएचई, सहकारिता एवं आबकारी विभागों को लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को पीएम किसान एवं सीएम किसान योजना से संबंधित लंबित शिकायतों का विश्लेषण एवं निराकरण के निर्देश दिए।
कृषि एवं खाद उपलब्धता पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री तिवारी ने समीक्षा के दौरान मूंग एवं उड़द फसल पंजीयन कराने वाले किसानों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी धान फसल की शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए विजयराघवगढ़ के एसएडीओ को बड़े व्यापारियों के यहां डीएपी खाद का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं खाद उपलब्धता पर विशेष फोकस
कलेक्टर श्री तिवारी ने समीक्षा के दौरान मूंग एवं उड़द फसल पंजीयन कराने वाले किसानों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने तथा आगामी धान फसल की शत-प्रतिशत गिरदावरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए विजयराघवगढ़ के एसएडीओ को बड़े व्यापारियों के यहां डीएपी खाद का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एएनसी जांच की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए बड़वारा, ढीमरखेड़ा एवं कन्हवारा के बीएमओ को जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित डिलीवरी प्रकरणों को पोर्टल पर शीघ्र अपडेट करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत भुगतान समय पर हो सके। आगामी 14 जुलाई से प्रारंभ होने वाले दस्तक अभियान के तहत डायरिया नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने तथा पीएचई विभाग को जल स्रोतों के क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
अनुपस्थिति एवं लापरवाही पर सख्ती
बैठक के दौरान कलेक्टर ने जानकारी के साथ उपस्थित न होने पर नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के सब इंजीनियर पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय कटनी के प्राचार्य की अनुपस्थिति पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन कार्यों में तेजी लाने तथा अभिलेख दुरुस्ती के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित समय-सीमा से बाहर आवेदनों पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने हिदायत दी कि ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
करायें श्रमिकों का पंजीयन
कलेक्टर श्री तिवारी ने खदानों, उद्योगों एवं निर्माण कार्यों में कार्यरत श्रमिकों का श्रमयोगी मानधन योजना के तहत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा कलेक्टर ने संबल योजना के पंजीयन एवं अनुग्रह राशि के आवेदनों की निकायवार समीक्षा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों तथा कुपोषित (सैम एवं मैम) बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।


