बैतूल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल में बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” का संकल्प तभी सफल होगा, जब 0 से 5 वर्ष का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


