वीरांगना रानी दुर्गावती ने सुरक्षा के साथ विकास का भी रचा इतिहास : मुख्यमंत्री
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती केवल अद्वितीय शौर्य और बलिदान की प्रतीक ही नहीं थीं, बल्कि उन्होंने सुशासन, विकास और जनकल्याण की भी मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने शासनकाल में 52 गढ़ों की रक्षा करते हुए राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित की और साथ ही उन क्षेत्रों की समृद्धि एवं विकास पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती ने कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा जल संरचनाओं के बेहतर प्रबंधन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। उनके प्रयासों से जल संरक्षण, सिंचाई और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिला, जिससे जनता का जीवन स्तर बेहतर हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का शासन प्रशासनिक दक्षता, जनहित और दूरदर्शी नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार वीरांगना रानी दुर्गावती के गौरवशाली योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उनके जीवन, संघर्ष, पराक्रम और विकासोन्मुखी कार्यों से समाज को प्रेरणा मिलती रहेगी।


