कटनी। जिले में संचालित स्कूल चले हम अभियान के द्वितीय चरण को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों की शालाओं में मॉनिटरिंग संबंधी आदेश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को 25 जून 2026 को निर्धारित शालाओं का भ्रमण कर अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण करने, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा नामांकन की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा है कि वे विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों से संवाद स्थापित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। साथ ही स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया जाए।
प्रशासन का उद्देश्य है कि स्कूल चले हम अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया जा सके तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले निरीक्षण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रस्तुत की जाएगी, जिसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
MP NEWS CAST से जुड़े रहिए, जिले की हर महत्वपूर्ण प्रशासनिक और शैक्षणिक खबर के लिए।


