कटनी। शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर कोतवाली पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी दौरान बीते दो दिनों में एक के बाद एक ऐसे दो मामले सामने आए हैं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा है। रेलवे के अधिकृत पेयजल ब्रांड ‘रेल नीर’ की आपूर्ति में लगे दो ट्रकों को पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पकड़ा, जिनके चालक कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस जांच में दोनों चालकों के नशे की हालत में वाहन संचालन की पुष्टि होने के बाद वाहनों को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। लगातार दूसरे दिन सामने आए समान मामलों ने परिवहन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे के अनुसार, नशे की हालत में भारी वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई की गई है।
शहर में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों को पुलिस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है। वहीं नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों के चालकों की नियमित जांच और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


