कटनी। मित्तल एन्क्लेव कॉलोनी में प्रस्तावित क्लब हाउस निर्माण को लेकर रहवासियों और बिल्डर प्रबंधन के बीच लंबे समय से चल रही चर्चा एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। कॉलोनी समिति का कहना है कि कॉलोनी के विकास के दौरान जिन सुविधाओं का उल्लेख किया गया था, उनमें क्लब हाउस भी शामिल था, जिसका निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका है।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, पिछले लगभग एक वर्ष से इस विषय पर बिल्डर प्रबंधन और रहवासियों के बीच संवाद, बैठकें और पत्राचार जारी है। रहवासियों का कहना है कि वे क्लब हाउस सहित अन्य वादा की गई सुविधाओं के संबंध में स्पष्ट समयसीमा और प्रगति की जानकारी चाहते हैं।
हाल ही में कॉलोनी परिसर में कुछ सूचना बोर्ड और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से रहवासियों ने अपनी मांगों और अपेक्षाओं को सार्वजनिक रूप से रखा है। समिति का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करना और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना है।
रहवासियों ने उम्मीद जताई है कि बिल्डर प्रबंधन जल्द ही इस विषय पर अपना पक्ष स्पष्ट करेगा तथा क्लब हाउस निर्माण को लेकर ठोस जानकारी साझा करेगा। वहीं, कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे आपसी संवाद और शांतिपूर्ण तरीके से समाधान चाहते हैं।
फिलहाल इस मामले को लेकर कॉलोनी के निवासियों और बिल्डर प्रबंधन के बीच आगे होने वाली चर्चा पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।


