कटनी/रीठी, 19 जून। परिक्षेत्र रीठी अंतर्गत ग्राम बख्लेहटा में रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित एक कुएं में जंगली बिल्ली (जंगल कैट) के गिरने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल रेस्क्यू किया।
सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सावधानी बरतते हुए जंगल कैट को सुरक्षित रूप से कुएं से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के निकट वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में वन रक्षक सनोद कोल, प्रशांत कुमार, रोहित कोल तथा स्थायी कर्मी शिवदास गडारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की तत्परता और सफल बचाव कार्य की सराहना की।
जंगल कैट का महत्व
जंगल कैट (Felis chaus) भारत में पाई जाने वाली एक मध्यम आकार की जंगली बिल्ली है। इसका शरीर पतला, पैर लंबे तथा कान नुकीले होते हैं, जिनके सिरों पर छोटे काले बाल दिखाई देते हैं। इसका रंग सामान्यतः भूरा या पीला-भूरा होता है, जिससे यह घास और झाड़ियों में आसानी से छिप जाती है।
यह प्रजाति घासभूमि, दलदली क्षेत्रों, कृषि भूमि और जंगलों के किनारों पर निवास करती है तथा चूहे, पक्षी, सरीसृप और छोटे स्तनधारियों का शिकार करती है। जंगल कैट पारिस्थितिकी तंत्र में कृंतक नियंत्रण कर जैविक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के संकट में होने की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते उसका सुरक्षित संरक्षण किया जा सके।


