VIDEO रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। आगामी त्योहारों के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर नर्मदापुरम सिटी कोतवाली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओपी जितेन्द्र पाठक, तहसीलदार सरिता मालवीय,सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला, देहात टीआई उषा मरावी, नगर पालिका प्रभारी हरीश गोस्वामी, नितेश व्यास इत्यादि की मौजूदगी में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों ने सहभागिता करते हुए त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मुस्लिम समाज द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
इस अवसर पर एसडीओपी जितेन्द्र पाठक ने अवगत कराया कि अंजुमन कमेटी द्वारा आगामी मुहर्रम त्यौहार को लेकर व्यवस्था सम्बन्धी आवेदन दिया है, गत वर्ष की तरह ही व्यवस्थाएं की जाएगी। मोहर्रम का त्यौहार 19 जून से शुरू होकर 27 जून तक आयोजित होगा, इस दौरान रामलीला मैदान में ताजिए सहित कर्बला में विसर्जन किया जाएगा इसके लिए व्यापक व्यवस्था पूर्व की तरह कराई जाएगी। इस अवसर पर हिंदू संगठनों ने आग्रह किया कि सेठानी घाट सहित मंगलवारा घाट पर ताजियों का विसर्जन नहीं होना चाहिए। बैठक में आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के पालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग एवं सहभागिता से त्योहारों का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा। बैठक के अंत में सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने सभी का आभार व्यक्त किया।


