*कटनी (12 जून)*– शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 12 जून से 18 जून तक जिले के प्रत्येक विकासखंडों एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 3 दिवसीय “जनकल्याण शिविर” आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ नागरिकों को आधार संबंधी सेवायें उपलब्ध कराने हेतु प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से आधार कैंप भी संचालित किए जाएंगे।
सभी संबंधित आधार केंद्र संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथियों पर शासकीय आधार मशीन एवं आवश्यक उपकरणों के साथ शिविर स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। आधार पंजीयन एवं अपडेशन का कार्य भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार ही किया जाएगा।
*जनकल्याण शिविर अंतर्गत आधार कैंप कार्यक्रम*
जनपद पंचायत बड़वारा के सामुदायिक भवन में 12 जून से 15 जून तक आधार शिविर आयोजित होगा। वहीं जनपद पंचायत रीठी और बहोरीबंद के जनपद पंचायत परिसर में 13 जून से 16 जून तक शिविर लगाए जाएंगे।
नगर परिषद बरही कार्यालय में 14 जून से 16 जून तक आधार कैंप संचालित रहेगा, जबकि नगर परिषद कैमोर कार्यालय में 15 जून से 17 जून और नगर निगम कटनी कार्यालय में 15 जून से 18 जून तक शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा, नगर परिषद विजयराघवगढ़ और जनपद पंचायत कटनी में 16 जून से 18 जून तक शिविर आयोजित होंगे। विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा के शिविर संबंधित जनपद परिसर में लगेंगे। नगर परिषद विजयराघवगढ़ में शिविर कार्यालय परिसर में होगा, जबकि जनपद पंचायत कटनी का शिविर ग्राम पंचायत पहाड़ी में आयोजित किया जाएगा।


