*कटनी (09 जून)*– कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए 190 आवेदकों की समस्यायें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल एवं डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उईके मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम परसवारा निवासी रमुआ पटेल ने आवेदन देकर बताया कि उनकी भूमि (खसरा संख्या 724) का वास्तविक रकबा 0.44 हेक्टेयर है, जिसे गलत तरीके से 0.14 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया है। आवेदक ने इस त्रुटि सुधार कर पुनः 0.44 हेक्टेयर किए जाने की मांग की।
इसी प्रकार ग्राम सिजहनी निवासी संदीप कुमार कोरी ने बताया कि तहसील कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद उनके भूमि रिकॉर्ड में नाम सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने अपने दस्तावेजों के अनुरूप वास्तविक नाम दर्ज करने की मांग की है।
ग्राम बिचपुरा की बुजुर्ग महिला प्यारी बाई कोल ने अपनी जमा कर्मचारी भविष्य निधि राशि का भुगतान न मिलने की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि कुटेश्वर लाइम स्टोन माइंस से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्हें राशि नहीं मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं ग्राम बड़ागांव के निवासी वृंदावन साहू ने आवेदन दिया कि उनके खेत से गुजरी बिजली लाइन के तार बहुत नीचे लटक रहे हैं, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने तार हटवाने या ऊँचा करने की मांग की है ताकि वे सुगमता से कृषि कार्य कर सकें।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को मामले की जांच कर नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।


