कटनी *- म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जीतेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में मंगलवार को व्यवहार न्यायालय ढीमरखेड़ा परिसर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने उपस्थित पक्षकारों एवं आमजनों को यातायात नियमों तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोग सुरक्षित व जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चला सकें। इस दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट के उपयोग, यातायात संकेतों के पालन तथा वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में दुर्घटना होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया तथा दंडात्मक प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
कार्यक्रम में कुल 32 महिला एवं पुरुष पक्षकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर न्यायालयीन स्टाफ श्री शिवम उपाध्याय, नायब नाजिर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


