MP NEWS CAST
कटनी। नगर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित मुन्नू चौबे गली में सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण एवं मनमानी कर सार्वजनिक मार्ग को बाधित कर नियम विरुद्ध तरीके से संचालित हो रही कबाड़ दुकान को निगम प्रशासन द्वारा सील करने की कार्यवाही की गई।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि बरगवां निवासी कबाड़ व्यवसायी मुंडा कबाड़ी द्वारा लंबे समय से सार्वजनिक मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र में अनधिकृत रूप से कबाड़ सामग्री का भंडारण कर व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। इससे नागरिकों के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही थी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें भी प्राप्त हो रही थीं। साथ ही खुले में रखी कबाड़ सामग्री से दुर्घटना एवं सुरक्षा संबंधी खतरे भी बने हुए थे।
निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित व्यवसायी को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से चेतावनी देकर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लगातार चेतावनियों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को पुनः किए गए निरीक्षण में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर निगम अमले ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क, गली, सार्वजनिक स्थल अथवा मार्गों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय संचालित करने, यातायात बाधित करने या नागरिक सुविधाओं में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


