MP NEWS CAST
– *इंदौर में हुई इंडिया-लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन ट्रेड एंड इंवेस्टमेंट फोरम-2026*
– *15 देशों के प्रतिनिधियों के साथ 350 से ज्यादा निवेशक हुए शामिल*
– *फार्मा-ऑटोमोबाइल-टेक्सटाइल-खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में साझेदारियां बनाने का प्रयास*
– *प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामने आ रहे व्यापार-निवेश के अच्छे परिणाम*
– *वित्तीय वर्ष 2025-26 में लैटिन अमेरिकी देशों के साथ एमपी का निर्यात करीब 3 हजार 835 करोड़ तक पहुंचा*
– *इंदौर में इसी महीने होगा ब्रिक्स के सदस्य देशों का कृषि सम्मेलन*
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के व्यापार और निवेश की दृष्टि से 6 जून का दिन बेहद खास रहा। भारत के साथ-साथ मध्यप्रदेश के भी लैटिन अमेरिका-कैरिबियन (LAC) देशों के साथ व्यापार निवेश संबंध गहरे हुए। मध्यप्रदेश ने इन देशों के बीच खुद को निवेश के केंद्र के रूप में स्थापित किया। प्रदेश ने लैटिन अमेरिकी-कैरिबियन देशों की फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, खाद्य प्रसंस्करण और सेवा क्षेत्रों में ठोस साझेदारियां बनाने का प्रयास किया। इन देशों के प्रतिनिधियों की प्रदेश की 50 से ज्यादा कंपनियों के साथ बी-टू-बी और बी-टू-जी बैठकें हुईं और प्रत्यक्ष व्यापार के अवसर निकलकर आए। मौका था इंदौर में आयोजित ‘इंडिया-लैटिन अमेरिकन एंड कैरिबियन ट्रेड एंड इंवेस्टमेंट फोरम-2026’ का। कार्यक्रम में 15 देशों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ 350 से ज्यादा निवेशक-अधिकारी-प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में बदलते दौर में व्यापार और निवेश के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। मां अहिल्या की नगरी इंदौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी है और राज्य की आर्थिक समृद्धि का आधार है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने सुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर मालवा को नई पहचान दिलवाई थी। आदि काल से मालवा यानी माल वालों की नगरी के नाम से पहचान रखती थी। उन्होंने कहा कि यहां उन्नत व्यापार और व्यवसाय की सुगमता के व्यवस्था थी। पहले यहां सिल्क मार्ग से दुनियाभर में व्यापार होता था। भारत और लैटिन अमेरिका की परंपराओं में नजदीकियां दिखाई पड़ती हैं। हमारे उत्सवों का उल्लास, संगीत के प्रति हमारा अनुराग और जनजातीय कलाओं की जीवंतता से भारत और लैटिन अमेरिका के जीवन मूल्य और संस्कार एक समान हैं। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट फोरम की मेजबानी का अवसर मिलना प्रदेश के सभी नागरिकों के लिए प्रसन्नता का विषय है। यह आयोजन नई आर्थिक संभावनाओं का सेतु बनेगा।


