कटनी – स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक शहर के निर्माण की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा रविवार 7 जून 2026 को प्रातः 7 बजे से वीर सावरकर वार्ड, स्थित शंभू टॉकीज रोड पर ‘राहगीरी डे’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केवल मनोरंजन या फिटनेस गतिविधियों तक सीमित न होकर स्वच्छता जनजागरूकता का एक सशक्त मंच बनेगा, जहां नागरिकों को साफ-सुथरे सार्वजनिक स्थलों, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वच्छ जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही एक सुंदर और स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है।
राहगीरी डे के दौरान योग, व्यायाम, जुंबा, साइकिलिंग, स्केटिंग, हॉर्स राइडिंग एवं पारंपरिक खेलों जैसी गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने हेतु जागरूक किया जाएगा।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शहरवासियों से इस अभिनव पहल में परिवार सहित सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा है कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जागरूकता ही स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण का मजबूत आधार बनेगी।


