कटनी। नगर निगम कटनी में इन दिनों समग्र आईडी बनवाने और उसमें सुधार कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। निगम कार्यालय में सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जहां नागरिक अपने दस्तावेजों के साथ घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
स्कूल-कॉलेज में प्रवेश, छात्रवृत्ति, राशन, आयुष्मान कार्ड और अन्य शासकीय योजनाओं में समग्र आईडी की अनिवार्यता के चलते बड़ी संख्या में लोग नगर निगम पहुंच रहे हैं। भीड़ इतनी अधिक है कि कई लोगों को अपनी बारी आने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि सर्वर की धीमी गति और सीमित कर्मचारियों के कारण काम की रफ्तार प्रभावित हो रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। वहीं निगम प्रशासन का दावा है कि अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर लोगों की समस्याओं का जल्द निराकरण किया जा रहा है।
नगर निगम परिसर में रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने से अव्यवस्था की स्थिति भी बन रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समग्र आईडी सुधार और नए पंजीयन के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले जाएं, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
“समग्र आईडी की जरूरत बढ़ी, नगर निगम में लगी लंबी कतारें… लोगों को घंटों करना पड़ रहा इंतजार।”


