कटनी। निवार-पहाड़ी क्षेत्र में जमीन समतलीकरण की अनुमति की आड़ में मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक हाइवा और जेसीबी मशीन जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
बताया गया है कि निवार-पहाड़ी स्थित खसरा नंबर 169 की निजी भूमि पर किसान को भूमि समतलीकरण की अनुमति मिली थी, लेकिन शिकायत मिली कि अनुमति का उपयोग रेलवे निर्माण कार्य के लिए मिट्टी बेचने में किया जा रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर खनिज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान रेलवे साइडिंग की ओर मिट्टी ले जाते हुए एक हाइवा पकड़ा गया। विभाग ने वाहन को जब्त कर निवार चौकी में खड़ा कराया, जबकि उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन को भी मौके से जब्त कर लिया गया।
सहायक खनिज अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर नियमों के विपरीत मिट्टी के उत्खनन और परिवहन के तथ्य सामने आए हैं। उत्खनित मिट्टी की मात्रा और देय रॉयल्टी का आकलन किया जा रहा है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि भूमि समतलीकरण की अनुमति का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्य से मिट्टी बेचने के लिए नहीं किया जा सकता। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

