मध्यप्रदेश पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मंदसौर पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई को प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर जब्त की। प्रारंभिक जांच में गिरोह के कई राज्यों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने इस उल्लेखनीय सफलता पर मंदसौर पुलिस टीम को बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रभावी कार्रवाइयों से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


