*योगेश गजभिये पांढुरना*.ग्राम तिगांव के ग्रामवासियों ने मुख्य बस स्टैंड पर संचालित शासकीय देशी-विदेशी शराब दुकान को तत्काल गांव से बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। दशकों से ग्रामीणों द्वारा इस शराब दुकान को बस स्टैंड और आबादी शेत्र के बाहर किए जाने हेतु मांग धरना, आंदोलन और ज्ञापनों के माध्यम से की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान आबादी क्षेत्र, बस स्टैंड, मंदिर और शैक्षणिक गतिविधियों वाले स्थान के समीप संचालित होने से सामाजिक एवं धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शराब दुकान के सामने बस स्टैंड स्थित है, जहां प्रतिदिन आसपास के गांवों से आने वाली छात्राएं, महिलाएं और आम नागरिक बस की प्रतीक्षा करते हैं। इस दौरान शराब के नशे में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार और टिप्पणियां किए जाने से असुरक्षा का माहौल बनता है। ग्रामवासियों ने किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई है। ज्ञापन में यह भी उल्लेखित किया है कि शराब ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हो चुके है कि वे किसी भी हद तक जाकर मनमाने तरीके से ग्राम में शराब बेच रहे है। बताया गया कि गत वर्ष शराब ठेकेदारों के लोगो ने पुलिस के साथ मिलकर ग्राम तिगांव निवासी भाऊराव उइके की संदिग्ध हत्या का आरोप भी इन्हीं शराब माफियाओं पर है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शराब दुकान के निकट आयुर्वेदिक चिकित्सालय, साईंबाबा मंदिर तथा अनेक परिवारों के मकान स्थित हैं। तिगांव को धार्मिक महत्व का ग्राम बताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि यहां प्रसिद्ध दत्त मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर वर्षभर धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। ऐसे में ग्राम के मध्य शराब दुकान का संचालन लोगों की धार्मिक भावनाओं के विपरीत है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकान संचालन के लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) नहीं लिया गया तथा आबकारी नियमों का भी पालन नहीं किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा देवस्थल ग्रामों में शराब दुकानों को आबादी क्षेत्र से दूर स्थापित करने संबंधी निर्णय का उल्लेख करते हुए तिगांव की शराब दुकान को गांव की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होंगी। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भीमराव वालके,तिगांव तेली समाज के अध्यक्ष किसना फरकसे,सेवानिवृत्त प्राचार्य सुधाकर चोपड़े अन्य उपस्थित रहे।


