भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास का मजबूत माध्यम बनती जा रही है। इस योजना के जरिए युवाओं को न केवल तकनीकी प्रशिक्षण मिल रहा है, बल्कि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। ऊर्जा विभाग के अंतर्गत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले दो युवाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर स्थायी नौकरी हासिल की है।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों और संस्थानों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। कंपनी में स्वीकृत पदों पर लगातार प्रशिक्षुओं की भर्ती की जा रही है। वर्तमान में बड़ी संख्या में रिक्त पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया भी जारी है। युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी दिया जा रहा है, जिससे वे नौकरी के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
आयुषी और विवेक बने सफलता की मिसाल
ग्वालियर निवासी आयुषी दुबे ने इस योजना के तहत ग्रेजुएट इंजीनियर प्रशिक्षु के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी कार्यों को बारीकी से सीखा और कार्यस्थल की जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर कंपनी ने उन्हें जूनियर इंजीनियर के पद पर नियमित नियुक्ति प्रदान की। आयुषी की सफलता अब अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
वहीं भोपाल निवासी विवेक अहिरवार ने योजना के अंतर्गत कंपनी के आईटी सेल में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग प्राप्त की। प्रशिक्षण के दौरान उनकी कार्यक्षमता और सीखने की लगन को देखते हुए मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने उन्हें ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी के रूप में अवसर दिया। दोनों युवाओं की उपलब्धि यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर युवा अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।
कई ट्रेडों में मांगे गए आवेदन
योजना के तहत युवाओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि कार्यस्थल का वास्तविक अनुभव भी मिल रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान में 10 अलग-अलग ट्रेडों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
युवा पोर्टल पर कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक युवा मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के एमएमएसके पोर्टल पर लॉग इन कर आवेदन कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ-साथ उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन भी उपलब्ध कराया जा सकेगा। लगातार बढ़ती भागीदारी के साथ यह योजना प्रदेश के युवाओं के लिए भविष्य निर्माण का प्रभावी मंच बनती जा रही है।


