*योगेश गजभिये पांढुरना*.ग्राम जोबनी विकासखंड सौसर के प्रगतिशील कृषक परसराम दुफारे के खेत पर कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह, उप संचालक उद्यानिकी एम.एल. उइके, सहायक संचालक मत्स्य पालन श्री अंबुलकर, सहायक संचालक कृषि दीपक चौरसिया सहित कृषि विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।
कृषक श्री दुफारे द्वारा 4 एकड़ भूमि में ग्रीष्मकालीन मूंगफली फसल लगाई गई है, जिससे उन्हें प्रति एकड़ लगभग 25 हजार से 30 हजार रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर उप संचालक कृषि जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कपास फसल उत्पादन के बाद दूसरी फसल के रूप में ग्रीष्मकालीन मूंगफली का उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय अर्जित करने का एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 1500 एकड़ क्षेत्र में मूंगफली फसल की खेती की जा रही है। साथ ही सभी कृषकों से अपील की गई कि तिलहन फसल उत्पादन बढ़ाने एवं अतिरिक्त लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से ग्रीष्मकालीन फसल के रूप में मूंगफली का उत्पादन अपनाएं।


