MP NEWS CAST मनीष गौतम
कटनी/रविवार की सुबह गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक की सड़क वाहनों के लिए नहीं, बल्कि हौसलों, उम्मीदों और स्वच्छता के संकल्पों के लिए खुली नजर आई। मौका था नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित ‘राहगीरी डे’ 2026 के सातवें संस्करण का, जहां जन-जन के उत्साह ने साबित कर दिया कि स्वच्छता अब एक जन-आंदोलन बन चुकी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में शहर को अव्वल बनाने के संकल्प के साथ हजारों नागरिक सड़कों पर उतरे।
*सड़कें बनीं उत्सव का मंच*
आयोजन के दौरान गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक की सड़क पर अद्भुत नजारा था। कोई योग मैट पर तन को साध रहा था, तो कोई जुंबा की धुन पर थिरक रहा था। नन्हे बच्चे स्केटिंग पर हुनर दिखा रहे थे, तो साइकिल रैली के जरिए स्वस्थ कटनी का संदेश दिया गया। आकर्षक रंगोली के जरिए स्वच्छता की तस्वीरें उकेरी गईं और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई गई। इसके अलावा मैजिक शो और रसकला संगीत विद्यालय की नन्ही बच्चियों की प्रस्तुतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*स्वच्छता को लेकर दिखाई जागरूकता*
यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके केंद्र में स्वच्छता का संदेश था। ‘फोर बिन प्रेजेंटेशन’ के माध्यम से कचरा प्रबंधन की सही आदतें सिखाई गईं। नागरिकों ने ‘प्लास्टिक को ना’ की तख्तियां हाथों में थामकर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जंग का ऐलान किया। हस्ताक्षर अभियान बोर्ड पर सैकड़ों नागरिकों ने दस्तखत कर स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान इको ब्रिक्स, अनुपयोगी सामग्री (वेस्ट टू वंडर) से बनी सुंदर कलाकृतियों और रैन वाटर हार्वेस्टिंग के मॉडल्स के जरिए भी नागरिकों को जागरूक किया गया। लोगों ने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं और मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर स्वच्छता का फीडबैक भी दिया।
> *स्वच्छता प्रतियोगिता नहीं, आदत बदलने का आंदोलन: महापौर*
> कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए महापौर ने कहा, “राहगीरी डे ने दिखा दिया कि जब सड़कें जनता की होती हैं, तो संदेश सीधे दिल तक पहुंचते हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण कोई प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आदत बदलने का आंदोलन है। इस आंदोलन के असली हीरो हमारे शहर के नागरिक हैं।”
*विजेताओं को मिले तुलसी के पौधे*
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न गतिविधियों के विजेता प्रतिभागियों को तुलसी के गमले भेंट किए गए, जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया।
*इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति*
इस भव्य आयोजन में जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू, रेखा संजय तिवारी, गोविंद चावला, शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी, रचना गुप्ता सहित चिकित्सक, उद्योगपति, समाजसेवी संगठन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में युवा व बुजुर्ग शामिल हुए। प्रशासनिक अमले से नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री असित खरे, नोडल अधिकारी (स्वच्छ भारत मिशन) आदेश जैन एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


