दिनांक 22/05/2026 को आवेदक/श्रमिक अविनाश प्रजापति निवासी हिरवारा कौड़िया द्वारा प्रस्तुत शिकायत एवं प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि चौकी बस स्टैण्ड कटनी में पदस्थ आरक्षक क्र. 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति द्वारा बिना किसी प्राथमिक तस्दीक एवं वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए संबंधित श्रमिक को चौकी निरुद्ध कर उसके साथ मारपीट की गई। प्रकरण में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा प्रकरण में गंभीर असंवेदनशील व्यवहार, पद का दुरुपयोग तथा आमजन के प्रति अनुचित आचरण प्रदर्शित किया जाना प्रथम दृष्टया परिलक्षित हुआ है।
प्रकरण में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा आरक्षक क्र. 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति, चौकी बस स्टैण्ड कटनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र कटनी संबद्ध किया गया है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच हेतु नगर पुलिस अधीक्षक कटनी को प्राथमिक जांच सौंपी गई है । उक्त मामले में चौकी प्रभारी बस स्टैण्ड की भूमिका के संबंध में भी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


