*योगेश गजभिये पांढुरना*.राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के पांढुर्णा जिले के सौंसर स्थित सावली हवाईपट्टी पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल के आगमन के दौरान पूरे परिसर में उत्साह एवं गर्मजोशी का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नाना मोहोड़, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल श्री पटेल का खुटामा में भी आत्मीय स्वागत किया गया, जहां उनके सम्मान में भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा राज्यपाल श्री पटेल को जामसांवली के प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी भी ली। कार्यक्रम में आदिवासी लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य एवं गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी राज्यपाल श्री पटेल ने विशेष सराहना की। राज्यपाल श्री पटेल ने कलाकारों की प्रस्तुति, आदिवासी संस्कृति एवं कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार आवास, आरोग्य एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से आमजन के हित में बेहतर कार्य कर रही है।
उन्होंने आयुष्मान योजना को प्रत्येक वर्ग के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से गंभीर बीमारियों के उपचार में लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को भी योजना का सीधा लाभ मिल रहा है।
राज्यपाल श्री पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस योजना से जरूरतमंद परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान परिवारों से मुलाकात में लोग बताते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कारण उन्हें अपना पक्का घर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने सिकलसेल बीमारी की जांच एवं उपचार के लिए शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि नया जिला होने के बावजूद पांढुर्णा जिला जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। अंत में उन्होंने जिलेवासियों के स्वस्थ एवं निरोगी रहने की कामना की।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक विजय चौरे, विधायक नीलेश उईके सहित कई जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। परिचय के दौरान राज्यपाल महोदय ने सांसद विवेक बंटी साहू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर जनता के बीच सक्रिय रहते हैं तथा शिविरों एवं यात्राओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।


