कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिघराखुर्द में एक नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को बालिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को परीक्षण के लिए रीठी शासकीय अस्पताल भेज दिया गया।
मामले को लेकर परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, अस्पताल में महिला डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण शव परीक्षण समय पर नहीं हो सका, जिससे परिजनों में नाराजगी देखी गई। बाद में जिला अस्पताल से समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों ने रीठी अस्पताल में महिला डॉक्टर की स्थायी नियुक्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठाई है।
परिजनों का यह भी कहना है कि अस्पताल में उपलब्ध डेड बॉडी फ्रीजर खराब होने के कारण उन्हें अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस संबंध में रीठी बीएमओ डॉ. आशित निगम ने बताया कि फ्रीजर पूर्व से खराब है और संसाधनों की कमी को धीरे-धीरे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जिला अस्पताल से शव वाहन की व्यवस्था भी कराई गई।
वहीं मोहम्मद शाहिद ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


