कटनी (20 मई) – जिले में आगामी मुस्लिम पर्व ईद-ए-अजहा (बकरीद) को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ईद-उल-अजहा का पर्व चांद दिखने के आधार पर बुधवार 27 मई या गुरूवार 28 मई को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले की प्रमुख मस्जिदों एवं ईदगाहों में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक नमाज अदा की जाएगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि शहरी क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई, पर्याप्त पुलिस बल, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्गों के गड्ढों को भरने, सड़कों के सुधार एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। नमाज स्थलों के आसपास पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने त्यौहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने हेतु आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नगर निगम को मस्जिदों तक जाने वाले मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने और किसी भी प्रकार की बाधा को दूर करने के लिए कहा गया है।
त्यौहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी एवं यातायात पुलिस को सौंपी गई है। जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कब्रिस्तानों में साफ-सफाई, चूना लाइन, प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों एवं नमाज स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पंचायत विभाग को सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, आयोजक समितियों एवं आम नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।


