पन्ना जिला के रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोहली गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने विश्वास को तार-तार करते हुए एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। मामले की सूचना मिलते ही रैपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है।
गांव की एक महिला किसी न्यायालयीन कार्य से पवई गई हुई थी। महिला का खेत गांव के पास स्थित एक नाले के किनारे है। न्यायालय जाने से पहले उसने अपने नाबालिग बच्चों और बालिका की देखभाल की जिम्मेदारी पास के खेत में काम कर रहे करीब 40 वर्षीय व्यक्ति को सौंपी थी।लेकिन महिला के जाने के बाद आरोपी की नीयत बदल गई। उसने भरोसे का फायदा उठाकर नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए ग्रामीणों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही रैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी को कठोर सजा दिए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह घटना समाज के लिए बेहद शर्मनाक है, जहां सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाला ही मासूम की जिंदगी से खिलवाड़ कर बैठा।


