सिलौंडी: देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा किए गए संयम के आह्वान का असर अब अधिकारियों में भी दिखाई देने लगा है । सिलौंडी नायब तहसीलदार खगेश भलावी ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए अनूठी पहल शुरू की है ।
नायब तहसीलदार खगेश भलावी प्रतिदिन लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलकर उप तहसील भवन तक आवागमन कर रहे हैं । खास बात यह है कि वे सिलौंडी मुख्यालय में ही निवास कर रहे हैं और नियमित रूप से पैदल कार्यालय पहुंचकर लोगों को ऊर्जा संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दे रहे हैं ।
उन्होंने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक को पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक उपयोग कम करना चाहिए । सुबह-शाम पैदल चलने से जहां शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं ईंधन की बचत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है ।
स्थानीय लोगों ने कहा कि कि नायब तहसीलदार खगेश भलावी का यह कदम केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि आमजन को व्यवहारिक रूप से प्रेरित करने वाला प्रयास है । उनकी इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है ।


