*योगेश गजभिये पांढुरना*.सिविल अस्पताल पांढुर्णा में मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपेन्द्र सलामे के निर्देश एवं उपस्थिति में डेंगू से बचाव के लिए आज दिनांक 16 मई 2026 को “विश्व डेंगू दिवस” मनाया गया।
इस अवसर पर राज्य स्तर से जपायिगो से आए डॉ. मनीष सिंग एवं जिले से डॉ. राहुल नाग एपिडियोलॉजिस्ट द्वारा डेंगू से बचाव, डेंगू के मुख्य लक्षण, डेंगू कैसे फैलता है एवं इसे कैसे रोका जा सकता है, इस संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में विकासखंड पांढुर्णा में डेंगू का एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है। क्षेत्र में एएनएम, सीएचओ, आशा कार्यकर्ता एवं आशा सुपरवाइजर को सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बताया गया कि यदि किसी क्षेत्र में 5 से अधिक बुखार के मरीज पाए जाते हैं तो तत्काल सूचना देकर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कार्यशाला में डेंगू के सामान्य लक्षण जैसे तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द के बारे में जानकारी दी गई। वहीं गंभीर लक्षणों में बुखार के साथ नाक एवं मसूड़ों से खून आना, पेट में दर्द तथा प्लेटलेट्स 40 हजार से कम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में भर्ती होकर उपचार प्राप्त करने हेतु हितग्राहियों को काउंसिल करने के संबंध में बताया गया।
डेंगू दिवस कार्यशाला में प्रभारी एमआई देवराव कुमरे, सुरेश कुमार टेकाम बीईई, रविन्द्र पराडकर बीपीएम, समस्त सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचव्ही, नर्सिंग ऑफिसर, सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू एवं आशा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।


