कटनी (15 मई ) – शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को राजीव गांधी वार्ड में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु लगभग 35 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नाले निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद प्रेमवती रजक एवं मेयर इन काउंसिल सदस्यों की विशेष उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए क्षेत्र में शुरू हो रहे विकास कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सूरी ने वार्ड की कन्याओं को माला पहनाकर उनका सम्मान किया।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों की दैनिक समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए शहर के विभिन्न वार्डों में सुनियोजित तरीके से नाला एवं सड़क निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय पार्षद प्रेमवती रजक ने कहा कि यह कार्य वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसके पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा और आसपास के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।


