छिंदवाड़ा। शासकीय सेवक वेलफेयर सोसायटी छिंदवाड़ा की साधारण सभा सोसायटी अध्यक्ष श्री सतीश गोंडाने की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में शासकीय सेवकों के कल्याण, सामाजिक सहभागिता एवं संगठन विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत मातृत्व दिवस के अवसर पर श्रीमती सुधा नागवंशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान करते हुए की गई। सचिव श्री अरविंद भट्ट ने वर्षभर के कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा कोषाध्यक्ष श्री चित्रगुप्त सिंह सिसोदिया ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मई 2026 में 10वीं में 80% एवं 12वीं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले शासकीय सेवकों के मेधावी बच्चों का सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सोसायटी सदस्यता विस्तार, नव नियुक्त सदस्यों को आईडी कार्ड प्रदान करने एवं विशेष अवसरों पर स्वैच्छिक दान को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी। सक्रिय सदस्यों की कोर कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
जुलाई 2026 में जुन्नारदेव के राखीकोल स्कूल में विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पानी की बोतल एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी श्री सजीर कादरी को सौंपी गई।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण हेतु विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसी दौरान श्री मोहित सूर्यवंशी को सर्वसम्मति से शासकीय सेवक वेलफेयर सोसायटी छिंदवाड़ा का जिला संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकगण श्री रमेश शर्मा, श्री शेखर पाण्डे, श्री दिनेश कुमार चौरे,श्री संतोष डोंगरे,श्री आकाश पवार,श्री सुशील कुमार डोईजड़,श्री विपिन कुमार शर्मा,श्री रामाजी पाठे,श्री शेखर पाण्डेय, श्री अनिल चौरे सहित अन्य सदस्यगण गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।अंत में बैठक का आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष श्री चित्रगुप्त सिंह सिसोदिया द्वारा किया गया तथा बैठक का समापन किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


