मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला शहडोल जिले के ब्यौहारी एसडीएम कार्यालय से सामने आया है, जहां रीवा लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू जमीन से जुड़े आदेश की प्रति देने के बदले पैसे मांग रहा था।
वीओ:
जानकारी के मुताबिक ग्राम निपानिया निवासी सुरेश कुमार जायसवाल ने रीवा लोकायुक्त से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन के दस्तावेज से जुड़ा आदेश देने के एवज में एसडीएम कार्यालय में पदस्थ क्लर्क वीर सिंह जाटव 20 हजार रुपए की मांग कर रहा है।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को 15 हजार रुपए की पहली किस्त लेकर भेजा। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान केमिकल टेस्ट में आरोपी के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूरी कार्रवाई निरीक्षक एस. राम मरावी और डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने की।
बता दें कि शहडोल जिले में दो दिनों के भीतर लोकायुक्त की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, इससे पहले सोहागपुर में महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर भी रिश्वत लेते पकड़ी गई थी।


