कटनी आपको ऐसा कुछ लग रहा है कि सेवाकाल के दौरान आपको करना था और नहीं कर पाए,करने को शेष रह गया हो। आपने आगे क्या सोच रखा है। ऐसी कुछ बातें जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सेवानिवृत हो चुके अधिकारी कर्मचारियों से आत्मीयता के साथ कहते हुए पूछीं। इस दौरान उन्होंने पारिवारिक पृष्ठभूमि और दिनचर्या की जानकारी भी ली। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत होने वाले विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के हित में सुध लेकर संवेदनशील निर्णय लेते हुए इस माह से नेक और अनूठी पहल शुरू की है। सुश्री कौर अब प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह के आखिरी दिनों में सेवानिवृत होने जा रहे अधिकारियों-कर्मचारियों से जिला पंचायत कार्यालय में भेंट कर पुष्प गुच्छ से सम्मानित करते हुए संवाद करेंगी। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर सर्व संबंधितों की पीड़ा एवं समस्याएं सुनकर तत्परता पूर्वक निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगी। सुश्री कौर द्वारा किए गए नवाचार से अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा सेवाकाल के दौरान हुए खट्टे मीठे अनुभव साझा किए जाएंगे। सर्व संबंधितों जैसे ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत समन्वय अधिकारी,सहायक विकास विस्तार अधिकारी, उपयंत्रियों आदि को लम्बित स्वत्वों, भत्तों और देयकों का पात्रतानुसार भुगतान यथाशीघ्र प्राप्त हो सकेगा।


