*महापौर, निगमाध्यक्ष, निगमायुक्त सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने निभाई सहभागिता*
कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा आयोजित “राहगीरी डे” इस रविवार शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उत्सव बनकर उभरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत दुबे कॉलोनी मोड़ से सोमनाथ मंदिर तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सुबह का वातावरण उत्साह, ऊर्जा, फिटनेस गतिविधियों और स्वच्छता संदेशों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। राहगीरी मार्ग पर लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ स्वच्छ एवं जागरूक शहर निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
*योग, व्यायाम और पारंपरिक खेलों से मिला स्वास्थ्य का संदेश*
कार्यक्रम की शुरुआत योग एवं सामूहिक व्यायाम गतिविधियों से हुई, जहां नागरिकों ने नियमित दिनचर्या और फिट जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कटनी एक्सरसाइज ग्रुप द्वारा विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक व्यायाम कराए गए। इसके साथ ही सांप-सीढ़ी, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, चम्मच-नींबू दौड़, स्केटिंग, शतरंज, कैरम, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं अन्य पारंपरिक खेलों में बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्थानीय कलाकारों एवं संगीत विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को जीवंत बना दिया। जुंबा, हॉर्स राइडिंग और कार्टून कैरेक्टर गतिविधियां बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
*स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश*
राहगीरी डे के दौरान नुक्कड़ नाटक, रंगोली, जनसंदेश आधारित गतिविधियों एवं जागरूकता स्टॉलों के माध्यम से स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त जीवन, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया। नागरिकों को स्वच्छ आदतें अपनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, जल स्रोतों के संरक्षण और नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित किया गया।
*“राहगीरी डे” बना सामाजिक एकता और जन जागरूकता का मंच*
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि “राहगीरी डे” केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार जीवनशैली से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। वही
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
*विजेता प्रतिभागी हुए पुरस्कृत*
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को शेश पहनाकर तुलसी के पौधे एवं कपड़े के थैले भेंट किए गए। इसके माध्यम से नगर निगम ने स्वच्छता, हरित पर्यावरण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त जीवन का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित किया।
*इनकी रही उल्लेखनीय सहभागिता*
राहगीरी डे कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर रूक्मणी बर्मन, मेयर इन काउंसिल सदस्य जयनारायण निषाद, सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी ,उमेंद्र अहिरवार, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद सुखदेव चौधरी, सीमा श्रीवास्तव, मौसुफ अहमद बिट्टू, शकुंतला सोनी, समाजसेवी करण सिंह चौहान, पूर्व पार्षद सीमा जैन सोगानी, नान गट्टानी, विजय डब्बू रजक, गौरी शंकर पटेल नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर सहित नगर के प्रसिद्ध चिकित्सकों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों, गणमान्यजन, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं मीडिया कर्मियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा उल्लेखनीय सहभागिता निभाते हुए स्वास्थ्य और जागरूक शहर के निर्माण का संदेश प्रसारित किया।


