उमरियापान:- गर्मी के बीच मौसम में अचानक बदलाव के बाद गुरुवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। तेज आंधी के कारण कई घरों के टीन छप्पर और शेड उड़ गए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं लगातार बारिश से सड़कों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। आंधी-तूफान के दौरान कई स्थानों पर पेड़ और उनकी टहनियां टूटकर बिजली के खंभों पर गिर गईं, जिससे विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। उमरियापान के मुड़िया पुरवा में एक पेड़ बिजली खंभे की डीपी पर गिर गया, जिससे डीपी क्षतिग्रस्त हो गई। महनेर में रामकुमार चौधरी के घर के पास पेड़ की डाल गिरने से बिजली का खंभा टूट गया। इसी प्रकार पिपरिया सहलावन में 11 केवी विद्युत लाइन पर आम का पेड़ गिरने से तार टूट गए। वहीं 33 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। देर रात तक पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश थमने के बाद बिजली विभाग का अमला मरम्मत कार्य में जुट गया।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


