*पगडंडी वाले, ऊबड़ खाबड़ रास्तों से खेतों की मेढ़ पर पैदल चलकर जिला पंचायत सीईओ ने अनेक ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर लिया जायजा*
*30 मई डेडलाइन तक निर्माण कार्यों को पूर्ण कराएं अन्यथा कड़ी कार्यवाही को रहें तैयार, तकनीकी अमले और निर्माण एजेंसी को किया सचेत*
कटनी (30 अप्रैल)- जल गंगा संवर्धन अभियान राज्य शासन के सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है। गत वर्षों के स्वीकृत एवं प्रगतिरत जल संरचनाओं एवं अन्य कार्यों को नियत समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूर्ण कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया है किंतु मौका देखने पर स्थिति संतोषजनक नहीं है। अमृत सरोवर, गली प्लग के साथ अन्य अपूर्ण कार्यों को निर्धारित ड्राइंग, डिजाइन और तकनीकी मानदंडों का ध्यान रखते हुए 30 मई डेड लाइन तक पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने गुरुवार को जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायतों पहाड़ी, टेढ़ी, गुबराधरी और केवलारी और इनके पोषक ग्राम सुनहरी में निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करते हुए तकनीकी अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए। सुश्री कौर ने पगडंडी मार्ग और ऊबड़ खाबड़ खेतों की मेढ़ पर पैदल चलकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी और नब्ज टटोली। जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत टेढ़ी के ग्राम सुनहरी और गुबराधरी में मनरेगा एवं 15 वें वित्त से क्रमशः 24.98 लाख रुपए और 24.50 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवरों और गली प्लग का निरीक्षण करते हुए काम बंद पाए जाने और गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने लागत,साइज, स्वीकृत राशि और खर्च की राशि की जानकारी ली। गली प्लग की लागत राशि लगभग ₹6 लाख होना बताया गया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उपयंत्री, लसहायक यंत्री और ग्राम पंचायत यदि 30 मई तक गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्यों को पूरा नहीं करा सकेंगे तो कड़ी कार्यवाही हेतु सचेत रहें। इस दौरान सुश्री कौर ने पहाड़ी में सांसद निधि से 15 लाख रुपए की लागत से बनाए गए सामुदायिक भवन का अवलोकन कर फिनिशिंग कार्य को एक सप्ताह में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। पहाड़ी के मुरली भटिया में 34000 की लागत से निर्मित रिचार्ज पिट और शाहपुर में पुराने बनाए हुए शांतिधाम को देखा। उन्होंने केवलारी में ढाई लाख रुपए की लागत से निर्मित तालाब सौंदर्यकरण कार्य का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुश्री कौर ने पहाड़ी में निर्मित स्वच्छता परिसर के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि राज चढ़ार,मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा वर्षा जैन, सहायक यंत्री अभिषेक त्रिपाठी, उपयंत्री त्रिभुवन सिंह एवं उमेश सोनी सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक रहे।
*उजियार सिंह का खेत तालाब देखकर मन को हुआ संतोष,अच्छा लगा*
जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने पहाड़ी ग्राम पंचायत के उजियार सिंह के पानी से लबालब भरे हुए खेत तालाब को देखकर प्रशंसा करते हुए कहा कि मन को संतोष हुआ और अच्छा लगा। उन्होंने हितग्राही के परिजनों से काफी देर तक चर्चा करते हुए मत्स्य पालन और सिंचाई आदि से होने वाले फायदे की जानकारी ली।
जिला पंचायत सीईओ ने पहाड़ी में कस्तूरबा बाई छात्रावास एवं पशु नस्ल सुधार एवं चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर बेहतरीन साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने हेतु निर्देशित किया।
*आंगनबाड़ी केंद्र पहाड़ी में अंशिका से पढ़ाई को लेकर पूछा*
आंगनबाड़ी केंद्र पहाड़ी में सुश्री कौर ने बच्चों की कम उपस्थिति पर घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल जाने प्रेरित करते हुए उपस्थिति बढ़ाने और स्वच्छताके निर्देश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को दिए। उन्होंने अंशिका से नाम पूछते हुए पढ़ाई और खेलकूद की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।


