कटनी जिले के बरही-मैहर रोड पर उबरा रोड स्थित गुरुकुल के नजदीक बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस बुलवाई और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक, कुटेश्वर निवासी सुग्रीव केवट (25) और डीघी निवासी अरुण केवट (20) अपनी बहन की शादी के लिए खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुरुकुल के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर ग्राम मनघटा के सीताराम काछी (26), भरत चौधरी (50) और शीला बाई चौधरी (55) सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर खून फैल गया। सभी पांचों को गंभीर चोटें आईं। बरही अस्पताल में प्राथमिक इलाज के दौरान चार घायलों की हालत नाजुक पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायलों से जानकारी लेकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


