कटनी (25 अप्रैल) – मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार, 26 अप्रैल को आयोजित होने जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को एसडीएम एवं परीक्षा केन्द्र नोडल अधिकारी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री चतुर्वेदी ने केंद्राध्यक्षों से चर्चा की और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में कुल 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें शासकीय गर्ल्स कॉलेज, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और शासकीय तिलक कॉलेज शामिल है।
त्रिस्तरीय नवीन जाँच प्रक्रिया
इस बार परीक्षार्थियों को कड़ी सुरक्षा और आधुनिक जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। दोनों सत्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जाएगी। जिसमें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन चेकिंग की जाएगी।
90 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थी अपने साथ परीक्षा कक्ष में केवल ब्लैक बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल और ई-प्रवेश पत्र, आईडी कार्ड ही ले जा सकेंगे।
दो सत्रों में होगी परीक्षा
राज्य सेवा एवं वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा ओ.एम.आर. पद्धति से दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित होगा।


