कटनी।जहां एक ओर महिलाएं पारंपरिक भूमिकाओं में सीमित मानी जाती थीं, वहीं कटनी की महिला उद्यमी श्रीमती अनुपमा गोस्वामी ने इस सोच को बदलते हुए आत्मनिर्भरता की एक नई मिसाल कायम की है। उनकी इकाई “न्यू हाई टेक इंजीनियरिंग, लमतरा” आज न केवल औद्योगिक उत्पादन का केंद्र है, बल्कि रोजगार और नवाचार का भी प्रतीक बन चुकी है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 25 लाख रुपए के ऋण और 35 प्रतिशत अनुदान के सहयोग से अनुपमा गोस्वामी ने इस इकाई की स्थापना की। शुरुआती दौर में चुनौतियां जरूर थीं, लेकिन दृढ़ निश्चय और मेहनत के बल पर उन्होंने अपने सपनों को साकार कर दिखाया।
आज उनकी इकाई में सॉफ्ट बोल्ट, जाली और क्रशर मशीनों के विभिन्न पार्ट्स का निर्माण किया जाता है। खास बात यह है कि वे ऐसे उत्पाद भी तैयार करती हैं, जो बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं होते। यही वजह है कि उनकी इकाई स्थानीय उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद नाम बनती जा रही है।
इस इकाई के माध्यम से लगभग 7 लोगों को रोजगार मिला है, जिससे कई परिवारों की आजीविका सुदृढ़ हुई है। अनुपमा गोस्वामी बताती हैं कि, “शुरुआत में सब कुछ नया था, लेकिन आज काम इतना बढ़ गया है कि अब मैं कई तरह के विशेष उत्पाद भी यहीं तैयार कर रही हूं।”
सफलता की इस यात्रा में उन्होंने यहीं रुकना उचित नहीं समझा। इकाई से होने वाली आय को पुनः निवेश करते हुए उन्होंने करीब 70 से 80 लाख रुपए की आधुनिक मशीनें स्थापित की हैं। इससे न केवल उत्पादन क्षमता बढ़ी है, बल्कि उत्पादों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
आज न्यू हाई टेक इंजीनियरिंग सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की प्रेरक कहानी बन चुकी है। अनुपमा गोस्वामी की यह सफलता बताती है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है।


