कटनी – मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 2026 आगामी रविवार, 26 अप्रैल को जिले में आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु जिले में 4 परीक्षा केन्द्र निर्धारित करते हुये केन्द्राध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है।
राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को ओ.एम.आर. पद्धति से दो सत्रों में संपन्न होगी। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित होगा।
*निर्धारित परीक्षा केन्द्र और केन्द्राध्यक्ष*
जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केन्द्र शासकीय गर्ल्स कॉलेज की केन्द्राध्यक्ष प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात होंगी। जबकि परीक्षा केन्द्र शासकीय उत्कृष्ट हा.से. स्कूल माधवनगर की केन्द्राध्यक्ष प्राचार्य श्रीमती संध्या बेन को बनाया गया है। इसी प्रकार परीक्षा केन्द्र शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के केन्द्राध्यक्ष कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एन बरखेडकर और परीक्षा केन्द्र शासकीय तिलक कॉलेज के केन्द्राध्यक्ष कॉलेजे के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई को बनाया गया है।
*निगरानी हेतु उड़नदस्ता दल गठित*
परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिये कलेक्टर श्री तिवारी ने एक विशेष उड़नदस्ता दल गठित किया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी को उड़नदस्ता दल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया और नायब तहसीलदार गैर न्यायालय मझगवां कन्हवारा श्रीमती साक्षी शुक्ला उड़नदस्ता दल की सहयोगी अधिकारी होंगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने इस उडनदस्ता दल को परीक्षा तिथि पर प्रथम एवं द्वितीय पारी में संचालित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सभी परीक्षा केन्द्रों में जांच करने एवं शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। साथ ही दल को प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों की वीडियोग्राफी कराने और साथ ही उक्त कोषालय के स्ट्रांग रूम में रखे प्रश्न पत्रों को निकालने व रखने की वीडियोंग्राफी कराने की जिम्मेदारी दी गई है।


