रिपोर्टर मुकेश चतुर्वेदी
रायसेन/मंडीदीप, 17 अप्रैल: भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को मंडीदीप स्थित सिविल अस्पताल में भगवा पार्टी द्वारा सेवा गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन से मिलकर चिकित्सा मशीनें भेंट कीं और मरीजों, उनके परिजनों व स्टाफ को फल वितरित किए।दोपहर में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचा। सबसे पहले उन्होंने चिकित्सकीय सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अस्पताल को मशीनें सौंपीं। इसके बाद पदाधिकारी विभिन्न वार्डों में पहुंचे, जहां मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों के परिजनों, डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ को भी फल दिए गए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक नागर ने कहा कि पार्टी द्वारा प्रदान की गई मशीनें अस्पताल के लिए उपयोगी साबित होंगी और इससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शलभ तिवारी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास मरीजों के प्रति
संवेदनशीलता को दर्शाते हैं और उनका मनोबल बढ़ाते हैं।भगवा पार्टी की जिला अध्यक्ष श्रीमती रचना सिंह ने बताया कि संगठन का उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देना है। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए मरीजों और स्टाफ को राहत पहुंचाने के लिए फल वितरण किया गया।प्रदेश अध्यक्ष श्री शिव कुमार भार्गव ने कहा कि पार्टी हमेशा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रही है और आगे भी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग जारी रहेगा।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री शिव कुमार भार्गव, प्रदेश संगठन मंत्री श्री अनूप दुबे, जिला अध्यक्ष श्रीमती रचना सिंह, नगर अध्यक्ष श्री ब्रजेश सोनी, डॉ. साधना नागर सहित भगवा पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं अस्पताल की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक नागर, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शलभ तिवारी सहित अन्य चिकित्सकीय स्टाफ उपस्थित रहा।


