कटनी (16 अप्रैल) – केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय बड़वारा का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि मयंक हल्दकार ने 94.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मयंक ने गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन किया।
जबकि सौम्या नामदेव ने 93.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर द्वितीय और वैष्णवी विश्वकर्मा ने 92.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान अर्जित किया। सभी बच्चों ने अपनी इस सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों तथा स्टाफ को दिया।
विद्यालय के प्राचार्य ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


