मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया गया है, जहाँ पूर्व में एससी/एसटी से संबंधित अपराध अधिक संख्या में घटित हुए हैं।
इसी क्रम में कटनी पुलिस द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में इन चिन्हित स्थलों पर सर्व समाज की सहभागिता से जनचेतना शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है।
इसी क्रम में आज दिनांक को चौकी बिलहरी क्षेत्र अंतर्गत जनचेतना शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया गया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त की गईं।
कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुश्री शिवा पाठक द्वारा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अपील की गई कि सभी नागरिक आपसी मतभेदों को भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी जाति या वर्ग विशेष के प्रति अभद्र या आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग न करें तथा सकारात्मक भाषा और व्यवहार अपनाकर समाज में एकता एवं सद्भावना को बढ़ावा दें।
साथ ही पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्रवासियों से यह भी आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करें, उन्हें शिक्षा की ओर प्रेरित करें तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
शिविर के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रदत्त विशेष अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत पंजीबद्ध प्रकरणों में पीड़ितों को प्रदान की जाने वाली राहत राशि एवं अन्य कानूनी प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जागरूकता का प्रसार किया गया।
कटनी पुलिस द्वारा इस प्रकार के जनचेतना कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में आपसी विश्वास, सहयोग एवं शांति स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


