कटनी। दिनांक 11 अप्रैल 2026 को जे पी वी डी ए वी विद्यालय कटनी में यूकेजी (UKG) के नन्हे विद्यार्थियों की ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जोन के क्षेत्रीय निदेशक श्री एस के सिन्हा जी द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य महोदय द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बताया गया कि किंडरगार्टन शिक्षा बच्चों के जीवन का वह महत्वपूर्ण चरण होता है, जहाँ वे घरेलू वातावरण से निकलकर औपचारिक शिक्षा की ओर पहला कदम बढ़ाते हैं। यूकेजी पूर्ण करने के पश्चात अब इन विद्यार्थियों की विधिवत शैक्षणिक यात्रा प्रारंभ होगी, इसी खुशी को प्रतिवर्ष समारोह के रूप में मनाया जाता है।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा प्राचार्य महोदय का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। एक सुंदर गणवेश के साथ नन्हे विद्यार्थियों का विद्यालय प्रांगण में आगमन हुआ।इसके पश्चात यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। एलकेजी के बच्चों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा प्रथम की छात्रा समृद्धि शुक्ला ने प्रभावशाली संभाषण प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। प्राचार्य महोदय ने अपने उद्बोधन में नन्हे ग्रेजुएट्स को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में कक्षा प्रथम के ग्रेजुएट्स विद्यार्थियों को प्राचार्य महोदय द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
अंत में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती ज्योति गौर द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस प्रकार यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा, बल्कि अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए भी गर्व एवं खुशी का अवसर बना


