*जिला पंचायत सीईओ ने विकासखंड बहोरीबंद के विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लिया जायजा*
कटनी (10 अप्रैल)- शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने विकासखंड बहोरीबंद की प्राथमिक शाला लखनवारा और आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद पहुंचकर औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता को परखने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। सुश्री कौर ने शिक्षिका बनकर विद्यार्थियों से एकाग्र होकर होमवर्क करने और नियमित रूप पढ़ाई करने को कहा। मनोवांछित सफलता हेतु अनुशासित रहते हुए जीवन में हर कार्य को निश्चित समय पर करने की समझाइश दी। उन्होंने इस दौरान प्रतीक, गुंजन और अन्य बच्चों से सवाल किए जिनका विद्यार्थियों ने सही जवाब दिया। इस पर उन्होंने छात्राओं को शाबाशी दी और प्रोत्साहन स्वरूप उपहार के रूप में पेन कॉपी भेंट की । जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षकों आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से भी अध्यापन कार्य को सुचारू रूप से कराए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन को देखा, रसोइयों से पारिश्रमिक भुगतान एवं समस्याओं के संबंध में जानकारी तथा मेनू के अनुसार बनाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता और सहायिका से कुपोषित बच्चों, दर्ज संख्या, गर्भवती ,धात्री महिलाओं के पोषण आहार, बच्चों का वजन, उपस्थिति आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश सर्व संबंधितों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ अभिषेक कुमार झा, ऋषिराज चढ़ार, योगेंद्र कुमार असाटी, बीआरसी प्रशांत मिश्रा, उमेश सोनी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक की उपस्थिति रही।


