कटनी – वर्तमान वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें। लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत हितग्राहियों के समग्र सत्यापन के कार्य में गति लाने हेतु स्थानीय निकाय से समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गुरूवार को यह निर्देश जिला पोषण समिति की बैठक में दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
कलेक्टर श्री तिवारी ने राष्ट्रीय पोषण अभियान अंतर्गत 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक संचालित पोषण पखवाड़ा का आयोजन किये जाने एवं निर्देशानुसार गतिविधियों सम्पादित किये जाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ती के सम्बन्ध में प्राप्त दावा-आपत्तियों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिये। साथ ही निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने गत वित्तीय वर्ष में पोषण पुनर्वास केंद्रों में बेड क्षमता के विरुद्ध शत प्रतिशत से अधिक कुपोषित बच्चों को भरती करवाए जाने की उपलब्धि पर विभाग की सराहना की एवं इस दिशा में निरंतर कार्य करने के निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने माह अप्रैल 2026 में सम्पादित होने वाले आंगनवाड़ी केंद्रों के वार्षिक सर्वे में आंगनवाड़ी केंद्रों के सर्वे क्षेत्र में आने वाले समस्त 3 से 6 वर्ष के बच्चों का पंजीयन पोषण ट्रैकर पर सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कुपोषित बच्चों का सही चिन्हांकन कर उन्हें पोषण ट्रैकर एवं मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम अंतर्गत पंजीकृत कर कुपोषण निवारण की दिशा में कार्य किये जाने की हिदायत दी।
आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को पूरक पोषण आहार एवं टेक होम राशन प्रदान किये जाने के निर्देश दिये गये। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को गुणवत्तपूर्ण शाला पूर्व शिक्षा प्रदान करने, सामुदायिक गतिविधियों के नियमित आयोजन एवं सभी पात्र हितग्राहियों की आभा आई डी एवं अपार आई डी निर्मित किये जाने के निर्देश दिये गये।
बैठक में सीएमएचओ डॉ राज सिंह ठाकुर, महिला बाल विकास सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, कटनी सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा, रीठी कटनी परियोजना अधिकारी श्रीमती सुलोचना महोबिया, महिला बाल विकास ढीमरखेड़ा परियोजना अधिकारी आरती यादव, इंद्र कुमार साहू, महिला बाल विकास रीठी प्रभारी परियोजना अधिकारी अनुपमा भाटे, महिला बाल विकास मुड़वारा प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती भारती द्विवेदी मौजूद रहे।


