पेयजल,वैक्सीनेशन और राजस्व प्रकरणों पर अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री प्रमोद चतुर्वेदी द्वारा बुधवार को तहसील बड़वारा सभाकक्ष में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल व्यवस्था, एचपीवी वैक्सीनेशन, ई-विकास पोर्टल, ई-उपार्जन, फार्मर रजिस्ट्रि, सीमांकन, एलपीजी एवं खाद्यान्न वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
*पेयजल पर विशेष फोकस*
बैठक में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पीएचई उपयंत्री को सभी खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने और नलजल योजनाओं को शत-प्रतिशत संचालित करने के निर्देश दिए गए। सीईओ जनपद पंचायत एवं तहसीलदार को पेयजल संकट वाले ग्रामों में आवश्यकता अनुसार टैंकर से जल आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा गया।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि कलेक्टर द्वारा 1 अप्रैल से नए नलकूप खनन पर प्रतिबंध लागू है, जिसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जहां पेयजल संकट की स्थिति है, वहां निजी बोर का अधिग्रहण कर ग्रामीणों को राहत देने के निर्देश दिए गए।
*एचपीवी वैक्सीनेशन में तेजी लायें*
एचपीवी वैक्सीनेशन की समीक्षा के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी श्री राममणि पटेल की बिना सूचना अनुपस्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत चिन्हांकन कर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।
*ई-गवर्नेंस और राजस्व कार्यों की समीक्षा*
ई-विकास पोर्टल के संचालन के लिए संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाने हेतु वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को निर्देशित किया गया। वहीं ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों के पुनः सत्यापन (री-वेरिफिकेशन) के लिए तहसीलदार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
फार्मर रजिस्ट्री में कम प्रगति पाए जाने पर तीन पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित सीमांकन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
*खाद्य एवं गैस वितरण पर सख्ती*
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी से एलपीजी एवं खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में तहसीलदार श्री ऋषि गौतम, सीईओ जनपद पंचायत सुश्री प्रभावती तेकाम, जेएसओ श्री यज्ञदत्त त्रिपाठी, एसएडीओ श्री आर.के. रावत, बीईओ श्री एस.एम. सिंह, बीआरसी शशांक तेकाम, पीएचई उपयंत्री अखिलेश सार्वे, महिला बाल विकास विभाग से अर्पिता प्यासी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए समयसीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


